गोंडा जिले में रंगदारी और अपहरण के एक गंभीर मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विजय किशोर सिंह उर्फ भोलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला अगस्त 2025 का है, जब आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर झंझरी ब्लॉक के पास से 24 वर्षीय युवक विंध्यवेंद्र मिश्रा उर्फ सत्यम का अपहरण कर लिया था। आरोप है कि उसे एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में जबरन बैठाकर पेरी तालाब के पास ले जाया गया, जहां उसे बंधक बनाकर डराया-धमकाया गया।

बताया जाता है कि आरोपी ने लाइसेंसी राइफल दिखाकर युवक पर दबाव बनाया और जमीन से जुड़े एक मुकदमे को वापस लेने के लिए कहा। साथ ही 12.50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग भी की गई।
घटना के बाद पीड़ित ने 8 सितंबर को नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
आखिरकार पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर गाड़ी और लाइसेंसी राइफल की बरामदगी अभी बाकी है, जिसके लिए प्रयास जारी हैं।
पीड़ित का कहना है कि उसने इस मामले में न्याय पाने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी और अब आरोपी की गिरफ्तारी से उसे राहत मिली है।
पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
ब्यूरो चीफ रामानंद सागर
