नगर पालिका परिषद बाराबंकी के प्रांगण में आयोजित बाराबंकी महोत्सव में दिनांक 11.04.2026 को साइबर सेल की टीम द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से महोत्सव में आए आमजन को वर्तमान समय में बढ़ रहे डिजिटल फ्रॉड, ओटीपी शेयरिंग, बैंक धोखाधड़ी और सोशल मीडिया हैकिंग के खतरों के प्रति विस्तार से सतर्क किया गया। साइबर टीम ने जनता को महत्वपूर्ण सुरक्षा मानकों की जानकारी देते हुए बताया कि ओटीपी (OTP) और पासवर्ड कभी किसी के साथ साझा न करें, क्योंकि बैंक, पुलिस या कोई भी प्रतिष्ठित संस्था कभी भी ऐसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगती है। आमजन को बताया गया कि वे अनजान कॉल्स (Fake Calls) से सावधान रहें और व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से प्राप्त होने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक या एपीके (APK) फाइल को डाउनलोड न करें। ऑनलाइन भुगतान के समय विशेष सावधानी बरतने के सम्बन्ध में बताया गया कि क्यूआर (QR) कोड को स्कैन करने का अर्थ पैसा भेजना होता है, न कि प्राप्त करना। इसके साथ ही स्क्रीन शेयरिंग ऐप्स से दूर रहने और सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी सार्वजनिक न करने की अपील की गई। साइबर सेल ने विशेष रूप से 'न्यूड वीडियो कॉल' और 'ब्लैकमेलिंग स्कैम' के प्रति सचेत करते हुए बताया गया कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल को न उठाएं और मोबाइल ऐप्स को केवल आधिकारिक प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें। साइबर टीम द्वारा बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
साइबर टीम-
1- निरीक्षक श्री बृजेश कुमार यादव प्रभारी साइबर सेल बाराबंकी
2- आरक्षी राजन यादव साइबर सेल
3- आरक्षी दुर्वेश कुमार यादव साइबर सेल
तेज बहादुर शर्मा मंडल ब्यूरो चीफ अयोध्या।
