गोण्डा 14 अप्रैल,2026
जनपद में अम्बेडकर जयंती के अवसर पर भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की 135वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन ने अम्बेडकर चौराहा पहुँचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भी उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को स्मरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय के लिए उनकी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए जो कार्य किए, वे आज भी प्रासंगिक हैं और हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समानता एवं न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने विस्तार से बाबा साहब के योगदान, भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी भूमिका तथा शिक्षा के प्रति उनके दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ करें और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने का प्रयास करें।

साथ ही जनपद के विभिन्न स्थानों पर भी बाबा साहब की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

इसके साथ ही विकास भवन में भारत रत्न बाबा साहब डॉ० भीमराव अम्बेडकर जी के 135वीं जयंती के अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा जनार्दन प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सहित अन्य सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा अशोक कुमार गुप्ता, कलेक्ट्रेट प्रशासनिक अधिकारी वीरेंद्र कुमार तिवारी सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *