MD News बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख: रोहित जैन दभेड़ी वाले, मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर के थाना तितावी क्षेत्र में पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर धौलडा पुल के निकट उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गंधक (सल्फर) और पोटाश से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा शनिवार 18 अप्रैल को हुआ, जब पंजाब से शामली होते हुए मुजफ्फरनगर आ रहा ट्रक अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क पर पलट गया।
ट्रक के पलटते ही उसमें भरा ज्वलनशील पदार्थ गंधक और पोटाश हाईवे पर फैल गया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया और एक लेन पर जाम की स्थिति बन गई। दोपहर में तेज गर्मी और लगातार गुजर रहे वाहनों के टायरों की रगड़ के कारण सड़क पर फैले गंधक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे हाईवे पर हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह रोक दिया गया, जिससे लंबा जाम लग गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और एक लेन से दोनों ओर का यातायात सुचारू कराया। साथ ही सड़क पर फैले गंधक और अन्य पदार्थों को हटवाया गया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में था और चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सुबह से सड़क पर ज्वलनशील पदार्थ फैला था, लेकिन समय रहते ध्यान नहीं दिया गया।
गनीमत रही कि इस दौरान किसी अन्य ज्वलनशील वाहन में आग नहीं लगी, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था।
