
एमडी न्यूज गोंडा -अजीत यादव
गोंडा के नगर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी सब्जी मंडी चौक बाजार स्थित अग्रवाल एंड संस बुक डिपो के संचालक श्रवण कुमार अग्रवाल को नकली किताबें बेचना महंगा पड़ गया। एक छापेमारी के दौरान विभिन्न विषयों की 131 नकली किताबें बरामद की गईं। इस मामले में एस चंद एंड कंपनी सहित कई प्रकाशनों के अधिकृत प्रतिनिधि आर्यन राघव ने कॉपीराइट अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
लंबे समय से इस बुक डिपो से महंगी दरों पर नकली किताबें बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर आर्यन राघव ने बुक डिपो पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की 131 किताबें मिलीं, जिन पर नकली होलोग्राम लगे थे या होलोग्राम गायब थे। इन किताबों की प्रिंटिंग, पेपर और बाइंडिंग की गुणवत्ता भी बेहद खराब पाई गई।
मौके पर नगर कोतवाली पुलिस को बुलाया गया और बरामद सभी 131 नकली किताबें पुलिस को सौंप दी गईं। आर्यन राघव ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर श्रवण कुमार अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
उन्होंने बताया कि वह एस चंद एंड कंपनी सहित कई प्रकाशनों के अधिकृत प्रतिनिधि हैं और उन्हें नकली किताबें बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का जिम्मा सौंपा गया है। गोंडा नगर कोतवाली में उपनिरीक्षक प्रशांत गुप्ता को इस पूरे मामले की जांच सौंपी गई है।
छापेमारी में एस चंद एंड कंपनी, एमसी ग्रव हील एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड, धनपत राय पब्लिकेशन प्राइवेट लिमिटेड, अभिचल पब्लिशिंग कंपनी और स्पेक्ट्रम बुक्स प्राइवेट लिमिटेड की नकली होलोग्राम लगी किताबें बरामद हुई हैं।
गोंडा नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि किताब कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधि आर्यन राघव के तहरीर पर अग्रवाल एंड संस बुक डिपो के मालिक श्रवण कुमार अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके पूरे मामले को लेकर जांच कर रही है। छापेमारी के दौरान हमारी पुलिस टीम का भी सहयोग लिया गया है और 131 के लगभग कई विषय की किताबें कई कंपनियों की बरामद हुई है।
एमडी न्यूज गोंडा -अजीत यादव
