गोंडा – जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत धौरहरा घाट के सीरपुरवा निवासी काशीराम यादव के बड़े बेटे दुर्गेश यादव की मंगलवार, 28 अप्रैल को शादी होनी है। घर में रिश्तेदार जुटे हुए हैं, टेंट सजा हुआ है।

दादा राम संवारे यादव ने बताया- दुर्गेश का छोटा भाई रिंकू (17) अपने मौसेरे भाई अमित यादव (18) पुत्र नकछेद यादव निवासी भोपतपुर, हन्नाटायर, नवाबगंज थाना के साथ शादी के लिए तेल-पूजन और कपड़े का सामान लेने बाइक लेकर घर से सुबह करीब 11:30 बजे निकला था।

घर से दो किलोमीटर दूर ही पहुंचे थे कि नवाबगंज-तरबगंज मार्ग पर पिपरी गांव के पास परमहंस प्राथमिक विद्यालय के ठीक सामने दोपहर करीब 12:15 बजे अचानक एक पीपल का विशालकाय पेड़ बाइक पर गिर गया। इससे पहले कि दोनों संभल पाते पेड़ के नीचे दब गए। रिंकू का सिर कुचल गया, जबकि अमित की गर्दन की हड्‌डी टूट गई।

पेड़ को हिला तक ना पाए राहगी-पुलिस

मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को बाहर निकालने की कोशिश की, पर पेड़ भारी होने के कारण नहीं निकाल सके। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। जानकारी मिलने पर हम लोग भी पहुंचे। पर पेड़ को हिला तक नहीं पाए।

पुलिस ने कटर मशीन मंगाई। काफी मशक्कत के बाद करीब दोपहर 2:00 बजे पेड़ को बीच से काटकर दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। हमसे तो हमारे दोनों पोतों का चेहरा तक नहीं देखा गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक नवाबगंज-तरबगंज मार्ग पर ट्रैफिक बाधित रहा। रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने पेड़ को काटकर यातायात सामान्य कराया।

दादा राम संवारे यादव ने बताया- हमसे तो अपने दोनों पोतों का चेहरा तक नहीं देखा गया।


दो छात्र थे, घरों के बीच दूरी एक किलोमीटर


अमित के चचेरे भाई राम देव यादव ने बताया- आज दुर्गेश के घर में तेल पूजन का कार्यक्रम था। अमित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ही आया था। तभी रिंकू कुछ सामान लाने के लिए उसे अपने साथ बाइक से बाजार लेकर चला गया। रिंकू और अमित दोनों अभी पढ़ाई कर रहे थे। दोनों के घरों के बीच की दूरी महज 1 किलोमीटर है।शादी वाले घर में अब मातम पसरा हुआ है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय बोले- कई दिनों से थी पेड़ हटाने की मांग


स्थानीय लोगों ने बताया- जिस पीपल के पेड़ के कारण यह हादसा हुआ, वह बेहद पुराना और जर्जर था। रोड के ठीक किनारे था। आए दिन हादसे का खतरा बना रहता था। बारिश-आंधी में अक्सर पेड़ की टहनियां टूट गिरती रहती थीं। कई बार प्रशासन से इसे हटाने की मांग की जा चुकी थी। अगर पहले हटा दिया गया होता, तो शायद दोनों युवक आज जिंदा होते।

पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव नवाबगंज थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया- पेड़ गिरने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई थी। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *