रिपोर्ट-दुर्गेश सिंह
अमेठी जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मोहनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 05 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।
दिनांक 30 अप्रैल 2026 को क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे सभी मिलकर अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे।

बरामद मोटरसाइकिलों में कुछ वाहन लखनऊ सहित थाना मोहनगंज क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए थे, जिनमें बारात स्थल और गांव के रास्ते भी शामिल हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में नावेद, बबलू, छेद्दू उर्फ दन्दू और वीरेन्द्र शामिल हैं, जो सभी थाना मोहनगंज क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम को 15,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
