शोएब की रिपोर्ट चन्दौली

चंदौली: जिले के मुगलसराय में अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन का कड़ा रुख लगातार तीसरे दिन भी देखने को मिला। जीटी रोड पर परमार कटरा से लेकर मिनी मार्केट तक प्रशासन का बुलडोजर पूरी ताकत के साथ गरजा। इस बड़ी कार्रवाई से पूरे व्यापारिक क्षेत्र और स्थानीय निवासियों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है। प्रशासन सड़क किनारे और सरकारी जमीन पर किए गए सभी अवैध निर्माणों को चिन्हित कर तेजी से ध्वस्त कर रहा है।प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान के पहले दिन करीब 50 से अधिक अवैध दुकानों को ध्वस्त किया गया था, जबकि दूसरे दिन 30 से ज्यादा दुकानों पर बुलडोजर चला। तीसरे दिन भी भारी संख्या में अवैध निर्माणों को ढहाए जाने की संभावना जताई जा रही है। कार्रवाई की शुरुआत में कुछ व्यापारियों ने कड़ा विरोध जताया, लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे उनकी एक न चली। बुलडोजर के खौफ के कारण कई दुकानदार और मकान मालिक खुद अपने हाथों से हथौड़ा लेकर अपने अवैध निर्माणों को तोड़ने और अपना कीमती सामान समेटने को मजबूर हो गए। इस कार्रवाई की वजह से मुगलसराय की व्यस्त मिनी मार्केट इस समय पूरी तरह वीरान नजर आ रही है।इस बड़े अभियान के दौरान कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मौके पर एसडीएम अनुपम मिश्रा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ), पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के साथ-साथ जिले के पांच थानों की भारी पुलिस फोर्स तैनात रही ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।एसडीएम अनुपम मिश्रा ने मामले की गंभीरता को स्पष्ट करते हुए कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसी ही कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *