ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने पर एक्सईएन के वेतन से होगी रिकवरी, लंबित कार्यों पर शो कॉज नोटिस के निर्देश

स्कूलों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों को तत्काल हटाने और फ्यूज सेट लगाने के निर्देश

गोण्डा- गुरूवार को मण्डलायुक्त देवीपाटन मण्डल दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में विद्युत विभाग एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में गोण्डा, बलरामपुर, बहराइच एवं श्रावस्ती जनपदों की विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन, स्मार्ट मीटर, विद्युत संयोजन, स्कूल लाइन शिफ्टिंग एवं विभिन्न विद्युत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय सीमा में बदलना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर शिकायतों का तत्काल निस्तारण हो तथा उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। समीक्षा के दौरान आरडीएसएस योजना के अंतर्गत अविद्युतीकृत बसावटों के विद्युतीकरण एवं नए कनेक्शन जारी करने की धीमी प्रगति पर मण्डलायुक्त ने मेसर्स विक्रान इंजीनियरिंग लिमिटेड पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो कंपनी को ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा। 

मण्डलायुक्त ने मनकापुर, बलरामपुर एवं गोण्डा के एक्सईएन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों पर फ्यूज सेट लगाने की खराब प्रगति पर मुख्य अभियंता विद्युत को संबंधित अधिकारियों को शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एक्सईएन को एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत फ्यूज सेट लगाए जाने का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मर खराब होने पर मरम्मत व्यय की रिकवरी संबंधित एक्सईएन के वेतन से की जाए।
बैठक के अंत में मण्डलायुक्त ने सरकारी नलकूपों एवं पेयजल योजनाओं के ऊर्जीकरण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने, नए विद्युत कनेक्शन अभियान चलाकर जारी करने तथा उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

एसएमएम इंफ्राटेक को भी एक माह के भीतर सभी लंबित विद्युत कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि समयसीमा का पालन न होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। अन्य कार्यदायी संस्थाओं को दस दिन में लंबित कार्य समाप्त करने के निर्देश दिए गए। बैठक में झटपट पोर्टल की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि एक भी आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने नए विद्युत संयोजन शीघ्र जारी करने तथा त्रुटिपूर्ण विद्युत बिलों का त्वरित संशोधन सुनिश्चित करने को कहा।
स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों एवं भ्रांतियों को गंभीरता से लेते हुए मण्डलायुक्त ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए ताकि लोगों में विश्वास कायम हो।

विद्यालय परिसरों से गुजर रही एचटी एवं एलटी लाइनों की शिफ्टिंग कार्यों की समीक्षा के दौरान गोंडा में कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए सभी एजेंसियों को चेतावनी दी गई कि अभियान चलाकर स्कूल परिसरों को जल्द से जल्द बिजली लाइनों से मुक्त कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी विद्यालय के ऊपर बिजली के तार नहीं लटकने चाहिए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *