रिपोर्ट – परवेज आलम

लखीमपुर खीरी जनपद में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक सुदृढ़ बनाने और ‘जीरो डोज’ बच्चों की संख्या को शून्य पर लाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में गुरुवार, 14 मई को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता की अध्यक्षता में कार्यालय सभागार में एक दिवसीय जनपद स्तरीय संवेदीकरण प्रशिक्षण कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस कार्यशाला में राज्य स्तर से आए प्रशिक्षक स्टेट एनालिस्ट यूपी और हरियाणा डॉ शिखर चौधरी व नेशनल डाटा एनालिस्ट अरविंद कुमार द्वारा स्वास्थ्य अधिकारियों को टीकाकरण आंकड़ों को बेहतर बनाने और डेटा विश्लेषण परियोजना के सफल क्रियान्वयन के गुर सिखाए गए।
कार्यशाला में सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने आंकड़ों की शुद्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आपके द्वारा किए गए धरातलीय कार्य के साथ-साथ आपका डेटा जितना अधिक गुणवत्तापूर्ण होगा, जितना सही तरीके से पोर्टल पर भरा जाएगा और उसमें जितनी सटीक जानकारी होगी, आपकी रिपोर्ट उतनी ही बेहतर होगी। यही सटीक डेटा न केवल आपकी व्यक्तिगत रैंकिंग को सुधारेगा, बल्कि जिले की रैंकिंग को भी बेहतर बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
डॉ. गुप्ता ने आगे बताया कि महानिदेशक, परिवार कल्याण, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण का मुख्य लक्ष्य जनपद के सहायक शोध अधिकारियों (एआरओ) के क्षमतावर्धन के साथ-साथ उन बच्चों की शत-प्रतिशत पहचान करना है, जो अब तक एक भी टीका लगवाने से वंचित रह गए हैं। प्रशिक्षण के दौरान आंकड़ों के आधार पर टीकाकरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
प्रशिक्षण में उपस्थित सभी ब्लॉक व शहरी नियोजन इकाइयों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं सहायक शोध अधिकारियों सहित सभी सीएचसी अधीक्षकों को विभिन्न डिजिटल पोर्टल जैसे एचएमआईएस ( एचएमआईएस), यू-विन (यूं- विन) और पीसीटीएस के माध्यम से आंकड़ों की गुणवत्ता और निरंतरता बनाए रखने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की विस्तृत जानकारी दी गई। सीएमओ ने निर्देशित किया कि जनपद स्तर पर प्रशिक्षित अधिकारी अब 29 मई 2026 तक अपने-अपने ब्लॉक स्तरों पर टीकाकरण करने वालों और डाटा एंट्री ऑपरेटरों को प्रशिक्षित करेंगे। इस दौरान जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ रवि सिंह सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed