: मो. शाबान, लखनऊ एम डी न्यूज़ चैनल

लखनऊ। रविवार को लखनऊ कचहरी परिसर में प्रशासन द्वारा अवैध बताए जा रहे अधिवक्ताओं के चैम्बरों पर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने से हंगामे की स्थिति पैदा हो गई।

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान विरोध कर रहे अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

अधिवक्ताओं का आरोप है कि बिना किसी पूर्व नोटिस के प्रशासन ने अचानक कार्रवाई शुरू कर दी और पुलिस बल की सहायता से एक के बाद एक चैम्बर तोड़े गए। वकीलों ने इसे अधिवक्ताओं के अधिकारों का हनन बताते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। कई अधिवक्ताओं ने कहा कि वर्षों से बने चैम्बरों को हटाने से पहले प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था और उचित सूचना देनी चाहिए थी।

कार्रवाई के विरोध में कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने धरना प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ वकीलों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर पुलिस द्वारा लाठियां चलाई गईं, जिससे अधिवक्ताओं में और अधिक आक्रोश फैल गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सड़क और सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माणों को हटाने के लिए यह अभियान चलाया गया। हालांकि अधिवक्ताओं का कहना है कि प्रशासन ने उनकी बात सुने बिना एकतरफा कार्रवाई की है।
घटना के बाद कचहरी परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *