
वेद प्रकाश राजपूत ब्यूरो चीफ अयोध्या एम डी न्यूज़ चैनल
कोतवाली रुदौली क्षेत्र अंतर्गत सुजागंज कस्बे में रविवार की शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टिकैत नगर की तरफ से आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक हंसनामऊ मोड़ के पास स्थित गुमटी में जा घुसा, जिससे वहां मौजूद तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुजागंज अभिषेक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली भेजा गया।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने घायल विक्रमा पुत्र लखन निवासी कोइलावर थाना दरियाबाद जनपद बाराबंकी को मृत घोषित कर दिया। वहीं मिथुन पुत्र किशोरी निवासी रसूलपुर थाना दरियाबाद जनपद बाराबंकी तथा सुनील पुत्र भवन निवासी हंसनामऊ थाना कोतवाली रुदौली जनपद अयोध्या की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार वाहन संख्या UP 32HN 2178 को कब्जे में लेकर चौकी सुजागंज पर खड़ा करा दिया गया है। मामले में प्रार्थना पत्र प्राप्त होने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा तथा मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
