Md न्यूज़ (मोहम्मद अशफाक)

लखीमपुर खीरी। तेंदुए के हमले में घायल हुई बहादुर बालिका का हालचाल जानने के लिए गुरुनानक स्पोर्ट्स एकेडमी के पदाधिकारी खिलाड़ियों के साथ ओयल अस्पताल पहुंचे। इस दौरान एकेडमी की सचिव तृप्ति अवस्थी और अध्यक्ष सुरेंद्र तोलानी ने बच्ची को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उसके साहस की सराहना करते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
अध्यक्ष सुरेंद्र तोलानी ने पीड़ित बच्ची के इलाज एवं अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज बच्ची और उसके परिवार के साथ खड़ा है।
वहीं गोला रेंज वन विभाग का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंच गई थी। टीम द्वारा घटनास्थल पर पगमार्क लिए गए हैं। विभाग के अनुसार प्रथम दृष्टया हमला करने वाला जानवर तेंदुआ प्रतीत हो रहा है। वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित बालिका को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
दूसरी ओर क्षेत्रीय ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से तेंदुए की मौजूदगी की सूचना लगातार वन विभाग को दी जा रही थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
