रिपोर्ट- पुनीत शुक्ला MD news हरदोई
दोपहर 12 से 3 बजे तक बेहद सावधानी बरतने की अपील; लापरवाही पड़ सकती है भारी, बरतें ये सावधानियां
हरदोई। जनपद में लगातार बढ़ रहे पारे और झुलसाने वाली गर्मी के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम विभाग के प्रभाव आधारित पूर्वानुमान और चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि जनपद हरदोई को ‘येलो जोन’ में चिह्नित किया गया है, जिसके तहत जिले में 23 मई 2026 तक भीषण हीटवेव (लू) चलने की प्रबल आशंका है। जिलाधिकारी ने आम जनमानस से अपील की है कि वे अपनी जानमाल की सुरक्षा के लिए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करें और अत्यधिक तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।

विशेषकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। यदि किसी जरूरी काम से बाहर निकलना भी पड़े, तो सिर और शरीर को पूरी तरह ढककर रखें तथा बाहर निकलते समय टोपी, गमछा, दुपट्टा या छाते का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। शरीर को हमेशा हाइड्रेट रखने के लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। इस मौसम में ओआरएस घोल, शिकंजी, आम पना और नींबू पानी का सेवन बेहद लाभकारी साबित होगा। इसके साथ ही सूती, हल्के रंग के और ढीले-ढाले कपड़े पहनें जो पसीना सोख सकें। खान-पान में तली-भुनी और गरिष्ठ खाद्य सामग्री से पूरी तरह परहेज करते हुए हल्का, संतुलित व ताजा भोजन लें तथा सलाद और ताजे फलों को अपनी डाइट में शामिल करें।जिलाधिकारी ने किसानों और पशुपालकों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। खेतों में काम करने वाले किसान भाई दोपहर के वक्त खेतों में कार्य करने से बचें और सुबह या शाम के ठंडे समय में ही कृषि कार्य निपटाएं। काम के दौरान सिर व गर्दन को गमछे या टोपी से जरूर ढकें। इस भीषण तपिश में बेजुबान पशुओं को किसी भी हाल में खुले में न बांधें, उन्हें हमेशा छायादार स्थानों पर रखें और पर्याप्त पानी पिलाएं। इसके साथ ही मानवता का परिचय देते हुए अपने घरों की छतों पर पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था अवश्य करें। डीएम ने सचेत किया है कि यदि किसी भी व्यक्ति को अत्यधिक पसीना आना, कमजोरी, सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी या बेचैनी जैसे लक्षण महसूस हों, तो इसे हल्के में न लें। यह लू (हीटस्ट्रोक) के लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत किसी छायादार या ठंडे स्थान पर विश्राम करें और बिना देरी किए नजदीकी चिकित्सक से संपर्क कर उपचार लें,
