बाराबंकी जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में राजकीय जिला पुस्तकालय समिति की त्रैमासिक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण पुस्तकालय परिसर का भ्रमण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं, अध्ययन वातावरण एवं पाठकों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय परिसर में उपलब्ध संसाधनों एवं सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि राजकीय जिला पुस्तकालय जनपद के विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण ज्ञान केन्द्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में उपलब्ध शांत, सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण विद्यार्थियों को बेहतर ढंग से अध्ययन करने हेतु प्रेरित करता है तथा यहां उपलब्ध सुविधाएं पाठकों को सकारात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण अध्ययन वातावरण प्रदान कर रही हैं।

जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्रों से संवाद स्थापित कर उनकी तैयारियों, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान छात्रों ने वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, इंटरनेट सुविधा, ऑनलाइन आवेदन हेतु कंप्यूटर व्यवस्था एवं शांत वातावरण की सराहना की।

समिति की बैठक में पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोपयोगी बनाए जाने पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकों की संख्या बढ़ाने, पाठकों हेतु बैठने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने, आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने तथा पुस्तकालय परिसर में अन्य सुविधाओं का विस्तार किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय को आधुनिक संसाधनों से युक्त करते हुए विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ प्राप्त कर सकें।

उल्लेखनीय है कि राजकीय जिला पुस्तकालय में वर्तमान में लगभग 2800 से अधिक सदस्य पंजीकृत हैं तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन हेतु पहुंच रहे हैं। पुस्तकालय में वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, इंटरनेट सुविधा, ऑनलाइन आवेदन हेतु कंप्यूटर व्यवस्था, सीसीटीवी युक्त सुरक्षित वातावरण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाते हुए विद्यार्थियों के हित में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उक्त अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी, पुस्तकालय अध्यक्ष निर्मला सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्टर रामानंद सागर
