प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में न की जाए : डीएम

कुर्बानी के फोटो अथवा वीडियो न बनाए जाएं और न ही उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल किया जाए

डीएम एवं एसपी ने की केंद्रीय शांति समिति की बैठक, त्योहार शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील

शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मनाएं बकरीद, अफवाहों एवं भड़काऊ पोस्ट से रहें दूर

बाराबंकी में आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों एवं सम्मानित सदस्यों का स्वागत एवं आभार प्रकट करते हुए आगामी पर्व को शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही बकरीद का पर्व मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में न की जाए तथा सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी न की जाए।जिससे किसी को असुविधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल व्यवस्था को सभी संबंधित विभाग प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि नमाज के दौरान यातायात बाधित न हो तथा सड़क एवं सार्वजनिक मार्गों पर नमाज अदा न की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कुर्बानी के उपरांत अवशेषों का समुचित निस्तारण कराया जाए तथा नगर निकाय निर्धारित स्थलों पर गड्ढों में उन्हें दबाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था, आवारा पशुओं पर नियंत्रण एवं प्रकाश व्यवस्था व्यवस्थित रखी जाए।

पुलिस अधीक्षक ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं सम्मानित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह त्योहार त्याग, बलिदान एवं शांति का प्रतीक है, जिसे प्रेम एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के फोटो अथवा वीडियो न बनाए जाएं और न ही उन्हें सोशल मीडिया पर साझा अथवा वायरल किया जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों अथवा पुलिस प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासन की टीमें लगातार भ्रमणशील रहेंगी तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी श्री निरंकार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, विद्युत एवं जल निगम विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न समुदायों के धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। उपस्थित सम्मानित सदस्यों द्वारा प्रशासन को आश्वस्त किया गया कि पर्व को पूर्ण शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा तथा सभी लोग प्रशासन का सहयोग करेंगे।

रिपोर्टर अवधेश कुमार

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *