ब्रेकिंग न्यूज़
भाजपा के खिलाफ छोटे दलों का बड़ा राजनीतिक मोर्चा, बुढ़ाना से बदलाव की हुंकार
“भाजपा का असल एजेंडा नफरत है, रोजगार-शिक्षा नहीं” – राव नदीम
MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट: रोहित जैन दभेड़ी वाले
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख, मुजफ्फरनगर
बुढ़ाना। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुढ़ाना ब्लॉक के गांव जौला में आयोजित “सामाजिक न्याय एकता सम्मेलन” में ऑल इंडिया आवाम ए हिंद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राव नदीम एडवोकेट ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। सम्मेलन के बाद बुढ़ाना डाक बंगले में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के मूलभूत मुद्दों से ध्यान भटकाकर समाज में नफरत और विभाजन की राजनीति कर रही है।
राव नदीम ने कहा कि देश का किसान, मजदूर, छात्र, युवा और आम नागरिक आज महंगाई, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून व्यवस्था से परेशान है, लेकिन सरकार इन समस्याओं के समाधान के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए समाज को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है, रोजगार के अवसर कम होते जा रहे हैं और महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता के वास्तविक मुद्दों को पीछे धकेलकर धार्मिक और सामाजिक ध्रुवीकरण के माध्यम से राजनीतिक लाभ हासिल करना है। राव नदीम ने कहा कि देश की गंगा-जमुनी संस्कृति, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
सम्मेलन में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर एक बड़े राजनीतिक गठबंधन की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षेत्रीय और छोटे राजनीतिक दल एक मंच पर आकर भाजपा के खिलाफ संयुक्त रणनीति तैयार कर रहे हैं। उनका कहना था कि यह गठबंधन सामाजिक न्याय, भाईचारे, किसान-मजदूर हितों और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों को केंद्र में रखकर चुनावी मैदान में उतरेगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उदय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूराम पाल ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और छोटे दलों का यह गठबंधन जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेगा। उन्होंने बताया कि गठबंधन की ओर से 4 जून को वाराणसी में एक विशाल सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें साझा एजेंडा और भविष्य की राजनीतिक रणनीति जनता के सामने रखी जाएगी।
मजदूर किसान यूनियन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुक्रमपाल सिंह कश्यप ने भी भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि जनता अब वास्तविक मुद्दों पर राजनीति चाहती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में किसानों, मजदूरों और युवाओं के बीच सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है और आगामी चुनावों में इसका असर देखने को मिलेगा।
पत्रकार वार्ता में ऑल इंडिया आवाम ए हिंद पार्टी के राष्ट्रीय कानूनी सलाहकार राव सलीम एडवोकेट, मुरसलीन जौला सहित अनेक पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि यह नया राजनीतिक गठबंधन आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगा और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।

