अजीत यादव/ब्यूरो
गोण्डा। उत्तर प्रदेश में व्याप्त भीषण बिजली संकट, अघोषित कटौती, महंगी दरों और स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) ने मोर्चा खोल दिया है। राज्यसभा सांसद और प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गोण्डा जिले में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रत्याशी राजू वाल्मीकि ‘कोहिनूर’ के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।

जनता त्रस्त, सरकार के दावे हवा-हवाई: राजू वाल्मीकि
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राजू वाल्मीकि ‘कोहिनूर’ ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में पूरी प्रदेश की जनता बिजली संकट से कराह रही है। कई जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली गुल रहने की खबरें आ रही हैं। राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में किसान, व्यापारी, छात्र और आम नागरिक अघोषित कटौती से बेहाल हैं।
उन्होंने कहा:
”देश की सबसे महंगी बिजली दरें चुकाने के बाद भी उत्तर प्रदेश की जनता को पर्याप्त और निर्बाध बिजली नहीं मिल पा रही है। सरकार के बिजली सुधार के सारे दावे जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं।”


बाराबंकी हादसे की उच्चस्तरीय जांच और मुआवजे की मांग
आप नेता ने बाराबंकी में हुई एक दुखद घटना का जिक्र करते हुए कहा कि बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना प्रदेश की बदहाल बिजली व्यवस्था का जीता-जागता और दुखद उदाहरण है। आम आदमी पार्टी ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा व न्याय देने की मांग की है।

मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
राजू वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि एक तरफ जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है, वहीं दूसरी तरफ सरकार के जिम्मेदार मंत्री समाधान निकालने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यह आंदोलन प्रदेश के करोड़ों लोगों के हक की लड़ाई है। अगर सरकार ने जल्द ही बिजली संकट का समाधान नहीं किया और स्मार्ट मीटर की लूट बंद नहीं की, तो आम आदमी पार्टी इस जनआंदोलन को पूरे प्रदेश में और तेज करेगी।
