रामलीला टिल्ला में जलभराव पर फूटा जनता का गुस्सा, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों और ठेकेदार को लगाई कड़ी फटकार
MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट: रोहित जैन दभेड़ी वाले, जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख, मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर के रामलीला टिल्ला क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले के कारण हुए जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। बारिश के बाद घरों, गलियों और सड़कों पर गंदा पानी भरने से क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्थानीय विधायक कपिल देव अग्रवाल स्वयं मौके पर पहुंचे। क्षेत्रवासियों ने मंत्री के सामने जलभराव, बदहाल निकासी व्यवस्था और निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही की शिकायत की।
मौके पर हालात देखकर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और जल निकासी की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नाले के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के आदेश भी दिए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि बरसात से पहले नाले का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में हालात और भयावह हो सकते हैं। मामले को लेकर प्रशासन और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जनता के आक्रोश के बाद हरकत में आया प्रशासन, मंत्री के सख्त तेवरों से मचा हड़कंप।


