धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
निचलौल (महराजगंज)। निचलौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगर के चमनगंज पुल से शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 50 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति ने अज्ञात कारणों के चलते नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद से ही इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम लगातार नहर में डूबे व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है।
गहरे पानी में लापता हुआ व्यक्ति
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चमनगंज पुल के पास रात करीब आठ बजे एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में पहुंचा और देखते ही देखते उसने नहर में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग जब तक कुछ समझ पाते और उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक वह तेज बहाव और गहरे पानी में समा चुका था।

महाशय मोहल्ले का निवासी है पीड़ित
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने पुलिस बल के साथ जांच-पड़ताल शुरू की। शिनाख्त के दौरान पता चला कि नहर में कूदने वाला व्यक्ति नगर के ही महाशय मोहल्ला का निवासी कृष्णा द्विवेदी (उम्र 50 वर्ष) पुत्र बीरेंद्र द्विवेदी है। कृष्णा ने यह आत्मघाती कदम किस वजह से उठाया, इसका कारण अभी तक अज्ञात है।
रात भर खोजबीन के बाद सुबह बुलाई गई SDRF
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से रात में ही काफी खोजबीन की, लेकिन अंधेरा और पानी गहरा होने के कारण उसका कहीं पता नहीं चल सका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुबह होते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम अपने आधुनिक उपकरणों और सुविधाओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर नहर में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
परिवार में कोहराम
इस हादसे के बाद से कृष्णा द्विवेदी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि डूबे व्यक्ति के तीन बेटे हैं और उनकी पत्नी नीलम घर पर ही रहती हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे किसी चमत्कार की आस लगाए बैठे हैं।
थाना प्रभारी का बयान
“नहर में कूदे व्यक्ति की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें पूरी मुस्तैदी से जुटी हुई हैं। शव या कोई सुराग मिलने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
