भाजपा मंडल मासिक बैठक में संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर हुई विस्तृत चर्चा
तहसील प्रभारी -अनमोल श्रीवास्तव
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। विधानसभा डुमरियागंज के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के डुमरियागंज मंडल कार्यालय पर शनिवार को मंडल की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक जिला मंत्री उदय पाल वर्मा एवं मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं संगठन से जुड़े विभिन्न दायित्वधारकों ने सहभागिता की।

बैठक में संगठनात्मक विषयों, बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार अभियान तथा आगामी पार्टी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु सभी मंडलों, शक्ति केंद्रों एवं बूथ स्तर तक समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
बैठक के मुख्य अतिथि जिला मंत्री उदय पाल वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसकी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संगठन की नीतियों एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और उसकी सक्रिय भूमिका संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती एवं जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त पूर्व जिला महामंत्री मधुसूदन अग्रहरि, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अजय पांडेय एवं रमेश सोनी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन की मजबूती पर बल दिया।
बैठक में मंडल पदाधिकारियों के साथ-साथ शक्ति केंद्र संयोजक, शक्ति केंद्र प्रभारी, शक्ति केंद्र प्रवासी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के संकल्प के साथ हुआ।
