कोखराज थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, वाहन के पार्ट्स, एक कटी हुई नंबर प्लेट, ₹2170 नकद, एक देशी तमंचा और 315 बोर का एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चरवा मोड़ के पास कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी पकड़े गए, जबकि एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार पुत्र रामदीन निवासी चिटकहना, थाना कोखराज और कामता प्रसाद पुत्र सुरेश चंद्र निवासी हुसैन मई, थाना संदीपनघाट, जनपद कौशांबी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उनकी नंबर प्लेट बदल देते थे या हटा देते थे, ताकि पहचान न हो सके। चोरी की बाइकों का इस्तेमाल अन्य वारदातों में करने के बाद उन्हें और उनके पार्ट्स को अलग-अलग बेच दिया जाता था। बिक्री से मिले पैसे को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है।

