बहुआयामी समाचार एम डी न्यूज़ चैनल से मोहम्मदी तहसील प्रभारी पंकज कनौजिया की रिपोर्ट

मोहम्मदी, खीरी। गाडगे यूथ ब्रिगेड सामाजिक संगठन के जिला अध्यक्ष पंकज कनौजिया को सोमवार तड़के रेहरिया पुलिस ने उनके आवास पर पहुंचकर नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर लिया। पंकज कनौजिया ने बताया कि उन्हें सुबह लगभग 4:30 बजे पुलिस ने घर पर ही रोक दिया और शाम 5:00 बजे तक पुलिस निगरानी में रखा गया, जिसके बाद उन्हें छोड़ा गया।
जानकारी के अनुसार गाडगे यूथ ब्रिगेड भारत के राष्ट्रीय संरक्षक अमरदीप सिंह माथुर एवं प्रदेश अध्यक्ष गुड्डू भारती के निर्देश पर 14 अप्रैल 2026 को बांकेगंज क्षेत्र के मोतीपुर गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को लेकर हुई घटना के विरोध में 15 जून 2026 को तहसील पलिया में सुबह 10 बजे विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाना था। इस प्रदर्शन का नेतृत्व गाडगे यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष पंकज कनौजिया द्वारा किया जाना था।
पंकज कनौजिया ने बताया कि संगठन के निर्देशानुसार बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पलिया पहुंच रहे थे, लेकिन पुलिस की हाउस अरेस्ट कार्रवाई के कारण वह स्वयं और संगठन के अन्य पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि सुबह से शाम तक घर में नजरबंद रहने के कारण उन्हें दैनिक कार्यों, भोजन और अन्य आवश्यक गतिविधियों में भी असुविधा का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि जिला अध्यक्ष पंकज कनौजिया के साथ संगठन के कार्यकर्ता अजय पाल ,संजय ,रामू,को भी सुबह करीब 4:30 बजे हाउस अरेस्ट किया गया था। सभी को शाम 5 बजे के बाद रिहा किया गया।
गाडगे यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने जा रहे कार्यकर्ताओं को रोकना उचित नहीं है। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
