21 जून को व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस।
एमडी न्यूज़ बहू आयामी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल
लोकेशन रामपुर
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट


जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में जनपद के सभी जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों तथा नगर निकायों के अध्यक्षों (चेयरमैन) के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में आगामी 20 जून को जनपद में व्यापक स्तर पर वृहद स्वच्छता अभियान संचालित किए जाने का आह्वान किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया जाए तथा इसमें अधिकाधिक जन सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के सभी सार्वजनिक स्थलों, अमृत सरोवरों, पंचायतघरों एवं सार्वजनिक भवनों, पार्कों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। अभियान के दौरान साफ-सफाई के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जाए।
बैठक में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके अतिरिक्त सभी ब्लॉक, तहसील मुख्यालयों, नगर पंचायतों, नगरपालिका परिषद तथा जनपद स्तर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं पार्कों में भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार है और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को योग कार्यक्रमों से जोड़ने तथा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में जनपद को स्वच्छ, स्वस्थ एवं जागरूक बनाने के उद्देश्य से दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय के साथ कार्य करने का आग्रह किया गया।
