MD न्यूज़ कन्नौज


कन्नौज/इंदरगढ़ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत) कन्नौज के तत्वावधान में संचालित युवा मंडल विकास अभियान का समापन समारोह बुधवार को सरदार पटेल इंटर कॉलेज, कचाटीपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राकेश सिंह सेंगर (पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान, कलसान), विशिष्ट अतिथि नूरुद्दीन आफाकी (प्रदेश अध्यक्ष, बर्ड पीस हार्मनी) तथा जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एवं स्वामी विवेकानन्द के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

कार्यक्रम में युवा मंडल विकास अभियान के अंतर्गत गठित 35 युवा मंडलों के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्षों ने सहभागिता की। इस अवसर पर उपस्थित युवाओं को संगठन निर्माण, नेतृत्व विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का संचालन भारती संस्कृति युवा मंडल के अध्यक्ष एम.डी.मो मुनब्बर द्वारा किया गया।

अभिभाषण की श्रृंखला में जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा मंडल ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक परिवर्तन के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से समाज हित में अधिकाधिक गतिविधियों के संचालन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, खेलकूद तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित युवा शक्ति किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी होती है और युवा मंडलों के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता एवं सेवा भावना का विकास किया जा सकता है।

मुख्य अतिथि राकेश सिंह सेंगर ने अपने संबोधन में युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त करने के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा युवा मंडलों को अपने-अपने क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि नूरुद्दीन आफाकी ने युवाओं को सामाजिक समरसता, शांति एवं जनहित के कार्यों से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा यदि सकारात्मक दिशा में कार्य करें तो समाज में व्यापक परिवर्तन संभव है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं को माय भारत पोर्टल से जुड़ने तथा भारत सरकार द्वारा युवाओं के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही युवाओं से अपने गांवों एवं समुदायों में जनहित से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

समापन अवसर पर माय भारत के स्वयंसेवक विजय एवं अस्मित कटियार की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में अखिलेश अभिकांत, अजय राजपूत, अनुभा, प्रांशी सहित अन्य युवा स्वयंसेवक एवं युवा मंडलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजक एम.डी. मो मुनब्बर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए युवा मंडलों से भविष्य में भी सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

रिपोर्टर धर्मेन्द्र सिंह

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *