कैंम्पियरगंज सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कैंम्पियरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मछलीगांव पुलिस चौकी द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। चौकी प्रभारी श्रेयांश राय के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न मोड़ों, दुर्घटना संभावित स्थलों एवं मुख्य मार्गों पर रिफ्लेक्टर और डेलीनेटर पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इस पहल को स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

जानकारी के अनुसार मछलीगांव चौकी क्षेत्र के इंटर कॉलेज मोड़, पुलिस चौकी मोड़, करीमनगर मस्जिद के पास सहित कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर रिफ्लेक्टर एवं डेलीनेटर पोस्ट लगाए गए हैं। इन सुरक्षा उपकरणों के लगने से रात्रि के समय तथा खराब मौसम में वाहन चालकों को सड़क की दिशा, मोड़ और किनारों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम होगी।
चौकी प्रभारी श्रेयांश राय ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम जनता की सहभागिता भी आवश्यक है। रिफ्लेक्टर एवं डेलीनेटर पोस्ट न केवल वाहन चालकों को सतर्क करेंगे, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े ऐसे कार्य भविष्य में भी जारी रहेंगे तथा आवश्यकता के अनुसार अन्य संवेदनशील स्थानों को भी चिह्नित कर वहां सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं की जाएंगी। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में दुर्घटनाओं को न्यूनतम स्तर पर लाना और लोगों को सुरक्षित यातायात का वातावरण उपलब्ध कराना है।
इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामप्रीत पासवान, गिरीश चंद्र मिश्रा, जितेंद्र पाल, संदीप कुमार, कमलेश, दुर्गेश चौरसिया, मिथिलेश शर्मा, राजेंद्र सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाई और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
स्थानीय नागरिकों ने मछलीगांव चौकी पुलिस की इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर मोड़ों और अंधेरे स्थानों पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में रिफ्लेक्टर एवं डेलीनेटर पोस्ट लगाए जाने से वाहन चालकों को समय रहते मार्ग की जानकारी मिलेगी और दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन द्वारा शुरू किया गया यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।
सड़क सुरक्षा के प्रति मछली गांव चौकी की यह पहल न केवल जनहित में उठाया गया एक सकारात्मक कदम है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय का भी उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।
