अयोध्या।
संवाददाता आशुतोष पाण्डेय MDNEWS
अंबेडकरनगर सीमा से सटे गोसाईगंज में 132 केवी विद्युत सब स्टेशन बनाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। आए दिन होने वाली विद्युत कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से परेशान लोगों को राहत दिलाने के लिए गोसाईगंज नगर पंचायत की सभासद एवं जय बाबा अमर नाथ बर्फानी सेवा समिति की अध्यक्ष आरती जायसवाल ने मुख्य अभियंता अयोध्या परिक्षेत्र बृजेश कुमार को पत्र सौंपा।
‘ट्रांसमिशन से जुड़ा मामला, शासन को भेजेंगे प्रस्ताव’
दो दिन पूर्व मुख्य अभियंता से मिलकर सभासद ने जनहित में सब स्टेशन निर्माण पर विचार की मांग की। मुख्य अभियंता बृजेश कुमार ने बताया कि यह मामला ट्रांसमिशन से जुड़ा है। शासन को मामले से अवगत कराया जाएगा। सभासद ने पत्र की प्रतिलिपि अध्यक्ष पावर कॉरपोरेशन और प्रबंध निदेशक मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लखनऊ को भी भेजी है।
क्यों जरूरी है 132 केवी सब स्टेशन
सभासद आरती जायसवाल ने बताया कि गोसाईगंज शहर की लाइन बीकापुर और दर्शन नगर दोनों से जुड़ी है। वहीं गोसाईगंज ग्रामीण, यरकी, रेउना, तारापुर, सरैया की बिजली आपूर्ति दर्शन नगर 132 केवी से जुड़ी होने के कारण ओवरलोड के नाम पर आए दिन आपूर्ति बाधित की जाती है।

बीकापुर की लाइन तारुन होकर तथा दर्शन नगर की लाइन बाकरगंज, मया, महबूबगंज, लक्ष्मणपुर, लाला का पुरवा होते हुए गोसाईगंज आती है। लंबी दूरी के कारण कटौती होना आम बात है।
लाखों उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
यदि गोसाईगंज में 132 केवी बिजलीघर मंजूर होता है तो रजपलिया टँडौली बिजलीघर से जुड़े 4300 घरेलू, 90 कमर्शियल, 7 इंडस्ट्रियल उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। दिलासीगंज फीडर के 6500 घरेलू, 75 कमर्शियल, 13 इंडस्ट्रियल तथा मया/बाकरगंज के 7200 घरेलू, 97 कमर्शियल, 25 इंडस्ट्रियल उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
इसके अलावा गोसाईगंज शहर के 2500 घरेलू, 1100 कमर्शियल, 18 इंडस्ट्रियल और गोसाईगंज ग्रामीण फीडर के 13,500 घरेलू, 125 कमर्शियल, 16 इंडस्ट्रियल सहित कुल लगभग 34 हजार घरेलू, 1500 कमर्शियल और 75 इंडस्ट्रियल कनेक्शनों के लाखों उपभोक्ताओं को फायदा होगा।
आंधी-पानी में पोल टूटने से भी मिलेगी निजात
सब स्टेशन बनने से विभाग को भी आंधी-पानी और तेज हवाओं से क्षतिग्रस्त होने वाले बिजली पोल की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही गोसाईगंज सब स्टेशन से जुड़ी लाखों की आबादी को वोल्टेज की समस्या और रोजाना होने वाली 4-6 घंटे की कटौती से राहत मिलेगी।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *