जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में ट्रांसफार्मर, स्मार्ट मीटरिंग, राजस्व वसूली और उपभोक्ता संतुष्टि पर दिया जोर
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी मोहर्रम, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तथा नीट परीक्षा को देखते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोहर्रम के जुलूस मार्गों की जानकारी रखते हुए अंजुमन समितियों से समन्वय स्थापित करें तथा आवश्यकता पड़ने पर लाइन स्टाफ की तैनाती करें। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 21 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और नीट परीक्षा के दौरान अनुरक्षण अथवा निर्माण कार्य के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित न हो। किसी भी ब्रेकडाउन की स्थिति में तत्काल मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की जाए।
बैठक में रात्रि चौपाल कार्यक्रमों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन चौपालों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति हो, वहां संबंधित अधिशासी अभियंता स्वयं मौजूद रहें।
आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा के दौरान विद्युत वितरण खण्ड-तृतीय, जौनपुर में 70 प्रतिशत उपभोक्ता संतुष्टि की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने अन्य खण्डों को भी उपभोक्ता संतुष्टि का स्तर बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में ट्रांसफार्मर जलने की घटनाएं नहीं होनी चाहिए। खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय सीमा में बदला जाए तथा ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराई जाए। साथ ही उचित क्षमता वाले फ्यूजों के उपयोग पर भी बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने समय से सही विद्युत बिल उपलब्ध कराने, राजस्व वसूली बढ़ाने तथा बिजली चोरी के मामलों में आवश्यक विधिक कार्रवाई समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी वितरण परिवर्तकों की स्मार्ट मीटरिंग शीघ्र पूर्ण कराने, वर्षा ऋतु से पूर्व विद्युत पोलों की अर्थिंग कराने तथा विद्युत लाइनों से संपर्क में आने वाली पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कराने का निर्देश भी दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित विद्युत विभाग के उपखण्ड अधिकारी, अधिशासी अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता उपस्थित रहे।

