
मथुरा। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (एनयूजेआई) एवं ब्रज प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को 34वें पत्रकारिता दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में पत्रकारिता की वर्तमान दशा, दिशा और चुनौतियों पर व्यापक चर्चा की गई।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने अपनी साख और विश्वसनीयता बनाए रखने की सबसे बड़ी चुनौती है। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी तथा मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमंत तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज भी पत्रकारों को निर्भीक एवं निष्पक्ष होकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने मथुरा के पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री से वार्ता करने तथा प्रेस क्लब के लिए भूमि उपलब्ध कराने का प्रयास करने का आश्वासन दिया। राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि पत्रकार अपनी खबरों में ब्रजभाषा का समावेश करें ताकि क्षेत्रीय संस्कृति और भाषा को बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने महिला पत्रकारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने पत्रकार सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग करते हुए कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के लिए विशेष कानून बनाया जाना चाहिए। वहीं हेमंत तिवारी ने पत्रकारिता में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए पत्रकारों को समय के साथ खुद को अपडेट रखने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं एनयूजे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. कमल कान्त उपमन्यु एडवोकेट ने की। उन्होंने पत्रकारों के लिए स्थायी प्रेस क्लब भवन की मांग दोहराते हुए सभी अतिथियों एवं पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार अनूप शर्मा ने किया। समारोह में सैकड़ों पत्रकार, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

