मोदी सरकार ने बदायूँ की वर्षों पुरानी मांग की पूरी, बदायूँ-लखनऊ रेल सेवा को मिली स्वीकृति :- बी.एल. वर्मा

मोदी सरकार की विकास यात्रा में बदायूँ को मिली नई उपलब्धि, लखनऊ रेल सेवा स्वीकृत :- बी.एल. वर्मा

बदायूँ :- बदायूँ स्थित आर.के रिसॉर्ट (कृष्णा लॉन) में बदायूँ से लखनऊ के लिए नई ट्रेन संचालित होने के संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता को केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने मीडिया के बंधुओं से वार्ता की।

केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने बदायूँ से लखनऊ के मध्य रेल सेवा संचालन की स्वीकृति मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह बदायूँ जनपद की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने कहा कि बदायूँ से लखनऊ के लिए रेल सेवा संचालित किए जाने की मांग को लेकर वह लंबे समय से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष लगातार प्रयासरत थे।

जनपदवासियों की इस महत्वपूर्ण मांग को उन्होंने कई अवसरों पर प्रमुखता से उठाया तथा रेल मंत्री से निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखा। उनके अथक प्रयासों, सतत अनुश्रवण एवं सकारात्मक पहल के परिणामस्वरूप आज बदायूँ की जनता को यह बहुप्रतीक्षित सौगात प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 15312/15311 कासगंज-ऐशबाग (लखनऊ) एक्सप्रेस के संचालन की स्वीकृति मिलने से बदायूँ सहित पूरे क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी लखनऊ तक आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। यह ट्रेन प्रातः 5:25 बजे बदायूँ स्टेशन पहुंचेगी, जिससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों एवं आम यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा। इससे लोगों का समय बचेगा, यात्रा सुगम होगी तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने आगे कहा उझानी मेरे ग्रह नगर होने के कारण रेल मंत्री से उझानी स्टेशन पर भी ठहराव की विशेष मांग की थी, जिसे स्वीकार किया गया है। उझानी में स्टॉपेज मिलने से हजारों यात्रियों को सीधा लाभ प्राप्त होगा और उन्हें बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने आगे कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के प्रत्येक क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। रेलवे के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं तथा यात्रियों की सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। बदायूँ-लखनऊ रेल सेवा की स्वीकृति इसी जनकल्याणकारी सोच और विकासवादी दृष्टिकोण का परिणाम है।उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना है। यही कारण है, कि आज रेलवे, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य देखने को मिल रहे हैं। बदायूँ को मिली यह नई रेल सुविधा भी उसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने बदायूँ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा यह निर्णय जनपद के लाखों लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा।

अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने प्रेस वार्ता में मीडिया के बंधुओं का आभार व्यक्त किया तथा जनहित से जुड़े विषयों को जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने बदायूँ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सौगात जनपद के विकास और जनसुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस अवसर पर जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, जिला उपाध्यक्ष संदीप चौहान, जिला मंत्री विश्वजीत गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी अचल शर्मा एव मीडिया के बंधु उपस्थित रहे।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *