सांप पकड़ने गए तो उसी ने डस लिया, सपेरे की मौत, पहले सांप को बोरे में बंद किया फिर पहुंचे अस्पताल
40 वर्षों में सैकड़ों सांप पकड़ने वाले रामलखन को कोबरा ने डसा, लोगों की सुरक्षा को दी प्राथमिकता
गोंडा। गोंडा धानेपुर रिपोर्टर मदनलाल

धानेपुर थाना क्षेत्र के श्री बनकट गांव निवासी प्रसिद्ध सपेरा रामलखन की रविवार को सांप के डसने से मौत हो गई। करीब 40 वर्षों में सैकड़ों सांपों को सुरक्षित पकड़ चुके रामलखन को एक जहरीले कोबरा ने रेस्क्यू के दौरान डस लिया।
जानकारी के अनुसार, धानेपुर बाजार में कोबरा निकलने की सूचना पर रामलखन उसे पकड़ने पहुंचे थे। रेस्क्यू के दौरान कोबरा ने उनके हाथ पर डस लिया। जहर फैलने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और सांप को भागने नहीं दिया। उसे काबू में कर बोरे में बंद करने के बाद ही अस्पताल के लिए निकले।
परिजन उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज ले गए। इमरजेंसी में डॉक्टर और मरीज तब दंग रह गए जब उन्होंने देखा कि रामलखन बोर में जहरीला कोबरा भी साथ लेकर आए हैं। डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया, लेकिन देर हो चुकी थी और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सांप के डसने के बाद भी रामलखन ने सबसे पहले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। उनका बलिदान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
