
एचडी न्यूज़ बहुआयामी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल
लोकेशन रामपुर
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
रामपुर, 28 जून 2026।
परम पूज्य, जगद्गुरु शंकराचार्य, ज्योतिषपीठाधीश्वर, श्री बद्रीनाथ धाम, अनन्त श्री विभूषित स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती जी महाराज का आज रामपुर आगमन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रातः संजय कपूर जी के कैम्प कार्यालय पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों, मातृशक्ति, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं तथा गणमान्य नागरिकों ने पूज्य शंकराचार्य जी का पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती जी महाराज ने सनातन धर्म की एकता, सामाजिक समरसता, गौ-संरक्षण तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण एवं लोकजीवन का अभिन्न आधार हैं। समाज को गौ-संरक्षण एवं सेवा के लिए संगठित होकर कार्य करना चाहिए तथा धर्म, करुणा और सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।
पूज्य शंकराचार्य जी ने उपस्थित श्रद्धालुओं से सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक सद्भाव तथा गौ-सेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने धर्म एवं राष्ट्रहित से जुड़े संकल्प को दोहराया तथा “धर्म की जय हो”, “अधर्म का नाश हो”, “समस्त प्राणियों में सद्भावना हो”, “विश्व का कल्याण हो”, “गौ माता की जय” एवं “जगद्गुरु शंकराचार्य जी महाराज की जय” जैसे उद्घोषों से सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
अपने आशीर्वचन में पूज्य गुरुदेव ने कहा—
“सनातन धर्म मानवता, करुणा और लोककल्याण का मार्ग है। समाज में प्रेम, सद्भाव, सेवा और धर्माचरण ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। गौ-सेवा, प्रकृति संरक्षण तथा भारतीय संस्कृति का सम्मान प्रत्येक सनातनी का कर्तव्य है। जब समाज धर्म के मार्ग पर चलता है तो राष्ट्र सुदृढ़ होता है और विश्व में शांति एवं कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है।”
कार्यक्रम के उपरांत पूज्य शंकराचार्य जी ने सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया और अपने अगले पड़ाव खौद के लिए प्रस्थान किया। खौद में ए.आई.सी.सी. सदस्य श्री मुतीउर्रहमान ख़ान “बबलू” ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से तंजुल पंडित, सौरभ पाठक, अभिषेक शर्मा, पुनीत शर्मा, विनय तिवारी, बाकर अली खान, नमन मुमताज खान, मोहम्मद रफी, संतोष कपूर, चितरंजन प्रसाद श्रीवास्तव, विपिन रोहिल्ला सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
जारीकर्ता निक्कू पंडित
