फिरोजाबाद, 29 जून। टूंडला रेलवे स्टेशन पर हाल ही में लागू की गई पार्किंग व्यवस्था के विरोध में सोमवार को टैक्सी एवं ऑटो चालकों ने लोकहित संघर्ष संगठन के बैनर तले प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पार्किंग ठेकेदार पर 24 घंटे के लिए 70 रुपये पार्किंग शुल्क जबरन वसूलने का आरोप लगाते हुए डीआरएम के नाम स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।

सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे बड़ी संख्या में टैक्सी और ऑटो चालक रेलवे स्टेशन परिसर में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दीपा का चौराहा पार करते ही बैरियर लगाकर वाहनों को रोका जा रहा है और पार्किंग के नाम पर जबरन शुल्क वसूला जा रहा है। उनका कहना था कि वे सड़क पर थोड़े समय के लिए सवारियां उतारते और बैठाते हैं, इसके बावजूद उनसे पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है।

लोकहित संघर्ष संगठन के संरक्षक ठाकुर संजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में चालकों ने स्टेशन अधीक्षक सुजीत कुमार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) एवं डिप्टी मुख्य यातायात प्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि पार्किंग शुल्क के नाम पर कथित अवैध वसूली बंद नहीं हुई तो एक सप्ताह बाद रेलवे प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

वहीं, उप मुख्य यातायात प्रबंधक अमित आनंद ने बताया कि चालकों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि बैरिकेडिंग हटाई जाएगी तथा वाहनों को सर्कुलेटिंग एरिया तक आने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि टैक्सी और ऑटो चालक 15 मिनट तक बिना किसी शुल्क के सवारियां उतार और चढ़ा सकेंगे। केवल निर्धारित समय से अधिक वाहन खड़ा करने पर ही पार्किंग शुल्क लिया जाएगा। इस संबंध में यात्रियों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए स्पष्ट सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

प्रदर्शन में प्रेमचंद्र, राजेंद्र शर्मा, राजू, कांता प्रसाद, उमेश कुमार, चंद किशोर, अंकित शर्मा, गजेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद कुमार चक, बंटी दिवाकर सहित बड़ी संख्या में टैक्सी एवं ऑटो चालक मौजूद रहे।

7 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed