
बेथ ईजी हॉस्पिटल की रेस्पिरेटरी कॉन्क्लेव में श्वांस रोगों के आधुनिक इलाज पर मंथन
वाराणसी, बेथ ईजी हॉस्पिटल एवं बेथ ईजी चेस्ट फाउंडेशन फॉर ह्यूमैनिटी के तत्वावधान में रविवार को होटल रिवातास में आयोजित रेस्पिरेटरी कॉन्क्लेव-2026 में देश-विदेश के 300 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों ने श्वांस एवं फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों के आधुनिक उपचार और नई तकनीकों पर चर्चा की। कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक प्रतिभागी ऑनलाइन भी जुड़े।
मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि ऐसे आयोजन चिकित्सकों को नवीनतम शोध और उपचार पद्धतियों से अवगत कराते हैं। कॉन्क्लेव के आयोजन सचिव एवं वरिष्ठ पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. एस. के. पाठक ने बताया कि संगोष्ठी का उद्देश्य चिकित्सकों को गंभीर श्वांस रोगों के आधुनिक उपचार से अपडेट करना है, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर और किफायती इलाज मिल सके।
संगोष्ठी में स्लीप एपनिया के नए उपचार, टीबी के बाद फेफड़ों में होने वाली जटिलताओं, रेडियोलॉजी की भूमिका तथा गर्भावस्था में अस्थमा के सुरक्षित प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। कार्यक्रम का शुभारंभ बेथ ईजी हॉस्पिटल की निदेशक डॉ. सुनीता पाठक ने अतिथियों के स्वागत के साथ किया। समापन पर सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों को सम्मानित किया गया तथा प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश मेडिकल काउंसिल द्वारा तीन मेडिकल अकादमिक क्रेडिट भी प्रदान किए गए।
