रिपोर्ट-स्वामीनाथ कुमार
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत थाना निचलौल पुलिस ने ग्राम सेमरहना में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया। कार्यक्रम में गांव की 30 से अधिक महिलाओं और बेटियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सम्मेलन का नेतृत्व महिला उपनिरीक्षक नंदिनी यादव ने किया। उनके साथ महिला कांस्टेबल सपना, काजल और अंजू भी मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने महिलाओं और युवतियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को छेड़खानी, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार तथा अन्य महिला संबंधी अपराधों से निडर होकर मुकाबला करने और कानून की सहायता लेने की जानकारी दी गई। साथ ही ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ सहित विभिन्न महिला कल्याणकारी सरकारी योजनाओं और महिला हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में आकर इस प्रकार जागरूक करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं और बेटियां बिना किसी डर या संकोच के हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगी।
महिलाओं ने यह भी कहा कि यदि किसी समस्या की सूचना शुरुआती स्तर पर ही पुलिस को दे दी जाए तो उसका समय पर समाधान संभव है और भविष्य में होने वाले गंभीर अपराधों को भी रोका जा सकता है। ग्रामीणों ने निचलौल पुलिस की इस पहल को महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता की दिशा में सराहनीय कदम बताया ।
