रिपोर्टर कृष्णानंद वर्मा एमडी न्यूज़
बाराबंकी,वन महोत्सव–2026 के अंतर्गत रामनगर वन रेंज द्वारा सोमवार को बी.पी. शुक्ला इंटर कॉलेज, त्रिलोकपुर में भव्य वृक्षारोपण एवं आम भंडारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा नई पीढ़ी को प्रकृति से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सूरतगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेखर हरयाण जी महादेवा मंडल अध्यक्ष अमित सिंह पर्यावरण प्रेमी मोनू भास्कर एवं ग्राम प्रधान देवी शरण यादव उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए। इसके साथ ही नीम, पीपल, सहजन, आम एवं अन्य छायादार एवं फलदार पौधों का भी रोपण किया गया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर आयोजित आम भंडारा में विद्यालय के सभी बच्चों को एक-एक आम का फल वितरित किया गया। साथ ही प्रत्येक छात्र-छात्रा को एक-एक पौधा भी भेंट किया गया, ताकि वे अपने घर अथवा आसपास उसे रोपित कर उसकी नियमित देखभाल करें और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप निरीक्षक वन सचिन पटेल ने बच्चों को वृक्षों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वृक्ष हमें शुद्ध ऑक्सीजन, स्वच्छ वातावरण, वर्षा, जल संरक्षण, जैव विविधता तथा जीवन के लिए आवश्यक प्राकृतिक संसाधन प्रदान करते हैं। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाएं ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल भी करें और अपने परिवार तथा समाज को अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करें।

अतिथियों ने भी अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ मातृत्व के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का भी सशक्त संदेश देता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में वन विभाग द्वारा सभी अतिथियों, विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उन्हें संरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया गया। पूरे कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रामनगर रेंज के बीट इंचार्ज तिलकराम यादव दुर्गेश यादव विपिन शुक्ला नीरज लालबचन प्रदीप आदि लोग उपस्थित रहे रिपोर्टर कृष्णानंद वर्मा

8 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *