ग्रामीणों की बहादुरी से टला बड़ा हादसा, दमकल देर से पहुंची

नरेश ओमर पत्रकार

फतेहपुर। जनपद के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के ऐराया सादात (पचघरा) गांव में मंगलवार देर रात सिलेंडर के पाइप में गैस लीकेज होने से एक घर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छप्पर और घर का अधिकांश घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी कल्लू दर्जी के घर में खाना बनने के काफी देर बाद सिलेंडर के पाइप से गैस रिसने लगी। कुछ ही पलों में गैस ने आग पकड़ ली और लपटें पूरे घर में फैल गईं। आग इतनी भयावह थी कि छप्पर के ऊपर से गुजर रही विद्युत केबलें भी इसकी चपेट में आ गईं, जिससे आसपास की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।
आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे और अपने-अपने समरसेबल पंपों से पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया और उसे आसपास के मकानों तक फैलने से रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी गई, लेकिन खराब सड़क मार्ग के कारण दमकल वाहन समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। ऐसे में ग्रामीणों की तत्परता और एकजुटता ही पीड़ित परिवार के लिए सबसे बड़ी मदद साबित हुई।
सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार की पूरी गृहस्थी और छप्पर जल जाने से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *