धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
महराजगंज, 8 जुलाई 2026:आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (लखनऊ), जिलाधिकारी महराजगंज और प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय के०के० उपाध्याय के सख्त निर्देशों पर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कमर कस ली है। मसालों में मिलावटखोरी और गड़बड़ी को रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान टीम ने कई संदिग्ध मसालों के नमूने भरे और नियमों का उल्लंघन करने पर भारी मात्रा में जीरा सीज किया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने इन प्रमुख प्रतिष्ठानों पर शिकंजा कसा:
- रामसनेही जनरल स्टोर (महराजगंज): दुकान का औचक निरीक्षण कर यहाँ से सुबाष ब्रांड के हल्दी पाउडर का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।
- अनिल ट्रेडर्स (ठूठीबारी रोड, निचलौल): यहाँ जांच करते हुए टीम ने कैच ब्रांड के धनिया पाउडर का सैंपल लिया।
- सत्यम जनरल स्टोर (ठूठीबारी): यहाँ से बावर्ची ब्रांड के धनिया व साबुत जीरा का नमूना लिया गया।

बिना आवश्यक जानकारी के बिक रहा 178 किलो जीरा सीज
सत्यम जनरल स्टोर पर कार्रवाई के दौरान टीम को बावर्ची ब्रांड के साबुत जीरा के पैकेटों पर नियमानुसार आवश्यक जानकारियां (जैसे बैच नंबर, एक्सपायरी डेट आदि) अंकित नहीं मिलीं। नियमों का स्पष्ट उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने तत्काल कदम उठाते हुए 178 किलोग्राम साबुत जीरा सीज कर दिया। सीज किए गए इस जीरे की अनुमानित कीमत 35,600 रुपये बताई जा रही है। जब्त माल को फिलहाल विक्रेता की ही सुरक्षित अभिरक्षा में दे दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई को खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह और पवन गौड़ की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र के मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
