
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
रेलवे महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने शॉल व स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित, जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जल्द कार्रवाई का दिया आश्वासन
रामपुर। रामपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी के अधिकृत प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट महबूब अली पाशा ने सोमवार को बरेली स्थित पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल की डिवीजनल कमेटी बैठक में रामपुर जनपद से जुड़ी वर्षों पुरानी रेलवे समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक में उन्होंने रेल यात्रियों, किसानों, व्यापारियों, दैनिक यात्रियों एवं आम जनता की सुविधाओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों को रेलवे प्रशासन के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
यह महत्वपूर्ण बैठक पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर की अध्यक्षता में इज्जतनगर स्थित यांत्रिक कारखाना सभागार में आयोजित की गई। बैठक में इज्जतनगर मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी अपनी पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं के कारण बैठक में उपस्थित नहीं हो सके, इसलिए उन्होंने अपने अधिकृत प्रतिनिधि एडवोकेट महबूब अली पाशा को पूर्ण अधिकार देकर बैठक में भेजा।
बैठक प्रारंभ होने से पहले महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने एडवोकेट महबूब अली पाशा का शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान दोनों के बीच रामपुर जनपद में रेलवे सुविधाओं के विस्तार तथा यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा भी हुई।
बैठक में एडवोकेट महबूब अली पाशा ने सबसे पहले केमरी रेलवे स्टेशन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यहां प्रतिदिन हजारों लोग यात्रा करते हैं, लेकिन महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव न होने से स्थानीय जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने ट्रेन संख्या 15036 रानीखेत एक्सप्रेस तथा 15034 उत्तरांचल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का केमरी रेलवे स्टेशन पर स्थायी ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों एवं मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने यह भी मांग रखी है कि जनपद रामपुर की तहसील स्वार, टांडा, शाहाबाद तीनों ही तहसीलों में रेल मार्ग नहीं है आजादी के समय से इन तहसीलों में रेल मार्ग रेल मार्ग नहीं है जल्द से जल्द तीनों तहसीलों में रेल मार्ग बनाया जाए। जिससे कि यहां के लोग रेलवे की सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि केमरी सहित कई स्थानीय स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म पर टिन शेड नहीं होने के कारण भीषण गर्मी और बरसात में यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं है। उन्होंने इन सभी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने की मांग की।
बैठक में रामपुर-केमरी मार्ग पर चमरौआ के समीप स्थित रेलवे क्रॉसिंग का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया गया। एडवोकेट महबूब अली पाशा ने कहा कि इस रेलवे फाटक पर प्रतिदिन घंटों लंबा जाम लगता है, जिससे मरीजों, स्कूली बच्चों, किसानों एवं व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यहां शीघ्र रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) अथवा अंडरब्रिज (आरयूबी) के निर्माण की मांग की।
इसके अलावा बिलासपुर क्षेत्र के राजपुर रेलवे क्रॉसिंग तथा ईशानगर रेलवे क्रॉसिंग पर भी लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम का मुद्दा उठाते हुए वहां भी ओवरब्रिज अथवा अंडरब्रिज बनाए जाने की मांग रखी गई। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
मानसून को ध्यान में रखते हुए एडवोकेट महबूब अली पाशा ने रामपुर जनपद के सभी रेलवे अंडरब्रिजों की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अधिकांश अंडरब्रिजों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है तथा बरसात के दिनों में जलभराव होने से लोगों का आवागमन बाधित हो जाता है। उन्होंने सभी अंडरब्रिजों में हाईमास्ट अथवा पर्याप्त लाइटें लगाने तथा स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग की, ताकि बरसात के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान रेलवे अधिकारियों ने सांसद प्रतिनिधि द्वारा प्रस्तुत मांगपत्र का गंभीरता से अध्ययन किया और सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने आश्वासन दिया कि इज्जतनगर मंडल से संबंधित सभी जनहित एवं यात्री सुविधाओं के प्रस्तावों का तकनीकी परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्रीय विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
बैठक के बाद एडवोकेट महबूब अली पाशा ने कहा कि सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी के निर्देशानुसार रामपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण मुद्दे को लगातार संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा सकारात्मक कार्रवाई किए जाने से आने वाले समय में रामपुर जनपद के लाखों रेल यात्रियों और आम नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
