बाराबंकी लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफेदाबाद स्थित मयूर पेट्रोल पंप के सामने मंगलवार रात करीब 9:30 बजे चार वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में आजाद नगर डिपो की रोडवेज बस में सवार छह यात्री घायल हो गए, जिनमें श्रावस्ती निवासी 41 साल दद्दन की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका उपचार बाराबंकी जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, बहराइच से मुंबई काम करने जा रहे करीब 40 से 45 मजदूर रोडवेज बस में सवार थे। इसी दौरान आगे चल रही एक किया कार के अचानक ब्रेक लगाने से उसके पीछे आ रहा ट्रेलर कार से टकरा गया। इसके बाद ट्रेलर के पीछे चल रही एक प्राइवेट डबल डेकर बस और सबसे पीछे आ रही आजाद नगर डिपो की रोडवेज बस भी आपस में भिड़ गईं।
हादसे में कार, ट्रेलर और प्राइवेट बस में सवार लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई, जबकि रोडवेज बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला और एक पुरुष की हालत गंभीर बताई गई। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि दद्दन पुत्र मुनीजर, निवासी ग्राम राजगुरुजुडपनिया, पोस्ट बदलपुर, जनपद श्रावस्ती का उपचार अभी जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैफिक इंचार्ज रामजतन यादव ने राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व करते हुए एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर हाईवे पर यातायात सुचारु कराया।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो चीफ रामानंद सागर

Loading

18 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed