रिपोर्ट-जय प्रकाश
खैर । शिवाला नहर पुल पर दोस्तों के साथ नहाने के दौरान डूबे युवक दीपेश की तलाश सोमवार को पूरे दिन जारी रही, लेकिन देर शाम तक उसका शव बरामद नहीं हो सका। एनडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय गोताखोरों ने सुबह से लेकर शाम तक नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।
दीपेश का शव नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने सुबह करीब 11 बजे शिवाला नहर पुल पर अपने वाहन आड़े-तिरछे खड़े कर जाम लगा दिया। इससे लगभग दो घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर खैर नायब तहसीलदार काजल तोमर और खैर इंस्पेक्टर संजीव कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को जल्द से जल्द शव बरामद कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया।

इसी दौरान सर्च ऑपरेशन के दौरान शाम करीब चार बजे एनडीआरएफ को शिवाला नहर पुल से लगभग दो किलोमीटर आगे एक युवक का शव मोटरसाइकिल संख्या UP 81 BK 2977 से बंधा हुआ मिला। मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर खैर कोतवाली पुलिस ने मृतक की पहचान अर्जुन डागुर निवासी राघवगढ़ी, टप्पल अलीगढ़ के रूप में कर उसके परिजनों को सूचना दी।
देर शाम अर्जुन डागुर उर्फ़ कालू के परिजन खैर कोतवाली पहुंचे और शव की शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि अर्जुन डागुर 1 जुलाई से अपनी मोटरसाइकिल सहित लापता था। परिजनों के अनुसार, उसे आखिरी बार नौझील और बाजना के बीच स्थित एक होटल पर कुछ युवकों के साथ खाना खाते हुए देखा गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा, जिस पर परिजनों ने नौझील थाने में 5जुलाई को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
अर्जुन डागुर अपने पीछे पिता सोमेश, माता रामवती तथा दो विवाहित बहनों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
खैर इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि अर्जुन डागुर के मामले में परिजनों द्वारा दी जाने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं दीपेश की तलाश के लिए एनडीआरएफ और अन्य टीमें सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं।
