संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन सतर्क, संवेदनशील क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण।*
MD news बहुआयामी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल
लोकेशन रामपुर
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
Rampur: जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारियों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा के क्रम में गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री आनन्द कुमार सिंह के साथ तहसीलदार स्वार, जिला आपदा विशेषज्ञ एवं आपदा सहायक ने तहसील स्वार के ग्राम पसियापुरा का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वर्ष 2021-22 में कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण जलमग्न हुए क्षेत्रों तथा बाढ़ से प्रभावित मार्गों का विस्तृत जायजा लिया गया। टीम ने स्थानीय परिस्थितियों का अवलोकन कर संभावित जोखिमों का आकलन किया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने तहसीलदार स्वार को निर्देशित किया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उस सड़क का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, जो कोसी नदी के तेज बहाव के कारण प्रत्येक वर्ष क्षतिग्रस्त हो जाती है। उन्होंने सड़क को सीमेंट-कंक्रीट (सी.सी.) से सुदृढ़ कर आवागमन को सुरक्षित एवं निर्बाध बनाए जाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत अपर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर संभावित बाढ़ की स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा की जाने वाली राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है तो प्रभावित परिवारों के ठहरने एवं भोजन की समुचित व्यवस्था राहत शिविरों में की जाएगी। राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, बिस्तर, शौचालय, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे किसी भी प्रभावित व्यक्ति को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बाढ़ के दौरान जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने एवं संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन संभावित बाढ़ से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है तथा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रहा है।


