वेद प्रकाश राजपूत, ब्यूरो चीफ अयोध्या, एमडी न्यूज़

शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रत्येक विकास खंड में स्थायी हेलीपैड निर्माण की दिशा में सोहावल ब्लॉक को भी बड़ी सौगात मिलने जा रही है। इसके लिए खिरौनी गांव की गाटा संख्या 1083 में लगभग 60×50 वर्ग मीटर भूमि का चयन किया गया है।
उपजिलाधिकारी सविता राजपूत ने बताया कि चयनित स्थल का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) को आवश्यक कार्रवाई एवं निर्माण प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राहुल राय के अनुसार, वर्तमान में उपलब्ध भूमि हेलीपैड निर्माण के लिए पर्याप्त नहीं है। हेलीपैड तक पहुंच मार्ग विकसित करने के लिए अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण अथवा क्रय किया जाएगा। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य पर लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
एसडीएम ने बताया कि इससे पहले मसौधा क्षेत्र में सुल्तानपुर रोड स्थित कुष्ठ रोग अस्पताल के पास हेलीपैड बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन वहां हवाई पट्टी की दूरी मात्र 6 से 7 किलोमीटर होने के कारण योजना को निरस्त कर दिया गया। इसके बाद सोहावल विकास खंड के खिरौनी गांव को स्थायी हेलीपैड निर्माण के लिए अंतिम रूप से चयनित किया गया है।
स्थायी हेलीपैड बनने से प्रशासनिक गतिविधियों, आपदा प्रबंधन, वीआईपी आवागमन तथा आपातकालीन सेवाओं को गति मिलेगी, जिससे पूरे क्षेत्र को दीर्घकालिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *