MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट शाहनूर आलम जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर

फतेहपुर, बरसात के मौसम में फैलने वाली बीमारियों से बचाव और बच्चों में रोगप्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) बढ़ाने के उद्देश्य से आज भिटौरा क्षेत्र में एक विशेष होम्योपैथिक औषधि वितरण अभियान चलाया गया। यह सराहनीय पहल इंडियन रेडक्रास सोसाइटी, आरोग्य भारती, और द होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में तथा डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में आयोजित की गई।
अभियान का नेतृत्व इंडियन रेडक्रास सोसाइटी फतेहपुर के चेयरमैन, उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व आरोग्य भारती के जिला सचिव डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया। उनके द्वारा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के कुल 389 बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए होम्योपैथिक दवाएं वितरित की गईं।
इन विद्यालयों के बच्चों को मिला लाभ:
कम्पोजिट विद्यालय सलेमाबाद: 146 छात्र
कम्पोजिट विद्यालय जमालपुर मवइया: 61 छात्र
श्री भृगु वेद विद्यालय (ओम घाट, भिटौरा): 55 छात्र
कम्पोजिट विद्यालय सहिमापुर: 56 छात्र
प्राथमिक विद्यालय जमालपुर मवइया: 46 छात्र
प्राथमिक विद्यालय डोलेपुर: 25 छात्र
स्वच्छता का दिया संदेश
दवा वितरण के साथ-साथ डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बच्चों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि बरसात के मौसम में बीमारियों से बचने के लिए स्वच्छता सबसे बड़ा हथियार है। बच्चों को भोजन करने से पहले और शौच जाने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने की आदत डालने के लिए प्रेरित किया गया।
इस सेवा कार्य के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य जहरा खातून, हिमांशु सोनकर, हेमंत त्रिपाठी, विजयश्री और वेदाध्यापक रामजी त्रिवेदी मौजूद रहे। वहीं, अभियान को सफल बनाने में प्रमुख सहयोगी सुरेश कुमार श्रीवास्तव एवं इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के प्रबंध समिति सदस्य अभिनव श्रीवास्तव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
