फतेहपुर से रवि रावत की रिपोर्ट


बाराबंकी के घुघंटेर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सिकटिया गांव निवासी राम सिंह (45) की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद गुरुवार को गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया तथा मृतक के परिवार को सरकारी सहायता दिलाने और दोषी वाहन चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकटिया गांव निवासी राम सिंह बुधवार शाम अपनी स्कॉर्पियो कार (यूपी-32 आरजे-1518) से ओदरिया प्लांट से घर लौट रहे थे परिजनों का आरोप है कि CHC घुघंटेर मैं चल रहे वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर राम सिंह को कार से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी मायादेवी, 14 वर्षीय बेटी आराध्या तथा 10 वर्षीय पुत्र अविनाश को छोड़ गए उनकी मौत की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, आर्थिक मुआवजा, कृषि भूमि का पट्टा, बच्चों की निःशुल्क शिक्षा तथा हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग रखी।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच कई घंटे तक वार्ता चली। प्रशासन द्वारा मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, हादसे को लेकर क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
