कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली पुलिस का मेगा एक्शन प्लान, हर जत्थे के साथ रहेगा पुलिसकर्मी; SSP अनुराग आर्य ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बरेली से संवाददाता जितेंद्र कुमार गौतम और कैमरामैन सुमन भारती की रिपोर्ट
बरेली। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी अनुराग आर्य ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित रविंद्रालय सभागार में देर रात्रि जनपद के पुलिस अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा, यातायात, कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई।

एसएसपी ने बताया कि इस वर्ष जनपद के प्रत्येक थाना स्तर पर कांवड़ सेल का गठन किया गया है, जिसमें दो उपनिरीक्षक, दो बीट आरक्षी और दो कांस्टेबल क्लर्क (मुंशी) तैनात किए गए हैं। प्रत्येक कांवड़ जत्थे के साथ एक नोडल पुलिसकर्मी नियुक्त रहेगा, जिससे किसी भी स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाकर पुलिस अधिकारी गांव-गांव और मोहल्लों में जाकर कांवड़ समितियों एवं जत्थेदारों से संवाद स्थापित करेंगे।

उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर पुलिस चेक पोस्ट, अस्थायी पुलिस चौकियां, सीसीटीवी कैमरे, बाइक मोबाइल, पीआरवी, फर्स्ट एड किट, एंबुलेंस और फायर सर्विस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मिश्रित आबादी वाले गांवों में स्वयंसेवक टीमों का गठन, सोशल मीडिया की लगातार निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई तथा डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन कराने के निर्देश भी दिए गए। कांवड़ मार्गों पर पड़ने वाली मीट की दुकानों को नियमानुसार बंद कराने, झूलते बिजली के तार, ट्रांसफार्मर, प्रकाश व्यवस्था, रेलवे क्रॉसिंग और डिवाइडर कट जैसी समस्याओं को संबंधित विभागों से समन्वय कर समय रहते दूर कराने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान, पुलिस उपाधीक्षक (अभिसूचना) विजय कुमार राना, प्रभारी यूपी-112, प्रभारी कांवड़ सेल, यातायात निरीक्षक, प्रभारी रेडियो शाखा तथा जनपद के सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, पुलिस उपाधीक्षक (अभिसूचना) विजय कुमार राना, प्रभारी यूपी-112, प्रभारी कांवड़ सेल, यातायात निरीक्षक, प्रभारी रेडियो शाखा तथा जनपद के सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *