बरेली। बरेली से एक बेहद हैरान कर देने वाला और दुर्लभ चिकित्सीय मामला सामने आया है।
बरेली यहां मात्र तीन महीने के एक मासूम बच्चे के पेट से डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन के दौरान करीब आठ सप्ताह के विकास स्तर का भ्रूणनुमा ढांचा निकाला है। सर्जरी के बाद बच्चे की हालत स्थिर है और वह चिकित्सकीय निगरानी में स्वस्थ हो रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार यह कोई सामान्य भ्रूण नहीं, बल्कि “फीटस इन फीटू (Fetus in Fetu)” नाम की अत्यंत दुर्लभ जन्मजात चिकित्सीय स्थिति है। इस अवस्था में गर्भावस्था के दौरान जुड़वां भ्रूण का एक अविकसित हिस्सा दूसरे भ्रूण के शरीर के भीतर ही रह जाता है और समय के साथ उसके पेट में विकसित होने लगता है।
बच्चे के पेट में लगातार सूजन दिखाई देने पर परिजनों ने चिकित्सकों से संपर्क किया। जांच के दौरान पेट के भीतर असामान्य संरचना मिलने पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। सफल सर्जरी के बाद भ्रूणनुमा ढांचे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि “फीटस इन फीटू” दुनिया की सबसे दुर्लभ जन्मजात स्थितियों में से एक है। यह लाखों जन्मों में एक-दो मामलों में ही देखने को मिलती है। समय पर सही जांच और सफल सर्जरी से बच्चे की जान बचाई जा सकी।
डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल मासूम की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहा है। इस दुर्लभ मामले ने चिकित्सा जगत के साथ-साथ आम लोगों को भी हैरान कर दिया है।
— एमडी न्यूज़ बरेली
रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार गौतम
कैमरामैन: सुमन

