रिपोर्ट-विशाल गुप्ता
बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र के सेमरी गांव के पास नहर में शनिवार को 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव नहर की पुलिया के पास झाड़ियों में फंसा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान अंबौर निवासी अजय कुमार बाजपेई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार रात से लापता थे और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे।

शव मिलने की सूचना पर जैदपुर विधायक गौरव रावत भी चौपला पहुंचे और अधिकारियों से वार्ता कर नहर का पानी कम कराया जिससे शव की तलाश में मदद मिली।

जानकारी के अनुसार अजय कुमार एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। शुक्रवार शाम उन्होंने अपने दोस्तों के साथ चौपला स्थित एक वाटर पार्क में दावत की थी। इस दौरान उनके शराब का सेवन करने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि वाटर पार्क के सीसीटीवी फुटेज में अजय कुमार बिना किसी को बताए कपड़े पहनकर बाहर निकलते दिखाई दिए। आशंका जताई जा रही है कि इसके बाद वह चौपला पुलिया के पास नहर में गिर गए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई। सेमरी के पास नहर में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सफदरगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

