हाथरस। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) पी.एन. दीक्षित ने टीवी अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नई इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. सूर्य प्रकाश से निर्माण कार्य की प्रगति और प्रस्तावित सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।


निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने बताया कि वर्तमान जिला अस्पताल की इमरजेंसी को टीवी अस्पताल परिसर स्थित नई इमारत में स्थानांतरित किया जा रहा है। नई इमरजेंसी में लगभग 20 बेड की आधुनिक व्यवस्था होगी। इसके साथ ही मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑक्सीजन सपोर्ट, ब्लड बैंक, पर्याप्त पार्किंग सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।


उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और सभी व्यवस्थाएं पूर्ण होते ही नई इमरजेंसी को शीघ्र ही संचालित कर दिया जाएगा, जिससे जिले के मरीजों को अधिक सुविधाजनक और बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने ब्लड बैंक का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही टीवी अस्पताल परिसर के पीछे निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।


सीडीओ ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से सभी स्वास्थ्य संबंधी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि निर्धारित समय में परियोजनाएं पूरी होकर जनता को उनका लाभ मिल सके।

हाथरस से इमरान मलिक की खबर

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed