महराजगंज:पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन की निचलौल तहसील इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन,गजेंद्र गुप्ता चुने गए अध्यक्ष…

महराजगंज/निचलौल। पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन की निचलौल तहसील इकाई की पूर्व निर्धारित बैठक रविवार, 19 जुलाई 2026 को उपाध्यक्ष सज्जाद अली की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन की प्रदेश अनुशासन समिति के अध्यक्ष डॉ. टी.एन. गुप्त तथा विशिष्ट अतिथि मो. मेराजुद्दीन खान उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान संगठन की गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के उपरांत संगठनात्मक व्यवस्था में पाई गई विभिन्न विसंगतियों को देखते हुए मुख्य अतिथि डॉ. टी.एन. गुप्त की संस्तुति पर निचलौल तहसील इकाई की पूर्व कार्यकारिणी को भंग करने का निर्णय लिया गया।
इसके बाद सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

नवगठित कार्यकारिणी में गजेंद्र कुमार गुप्त को अध्यक्ष, सज्जाद अली को उपाध्यक्ष, सगीर अहमद को मंत्री, धर्मेन्द्र कसौधन को मीडिया प्रभारी, आफ़ताब आलम को कोषाध्यक्ष, समीर सिद्दीकी को तहसील संरक्षक तथा धीरज प्रजापति को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगी तथा पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और संगठन के विस्तार के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी।

पूर्वांचल पत्रकार असोसिएशन निचलौल तहसील इकाई के नव निर्वाचित अध्यक्ष गजेंद्र गुप्ता ने कहा,- “पत्रकारों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आगे उन्होंने कहा कि आज के समय में पत्रकार अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में पत्रकार संगठनों को निष्पक्ष, मजबूत और सक्रिय होकर प्रत्येक पत्रकार के हितों की रक्षा करनी चाहिए। किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय होने पर संगठन उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, बीमा, सम्मान और शासन-प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे। पत्रकारों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। अध्यक्ष ने सभी पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि वे निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता करें तथा समाज और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती आपसी भाईचारे, अनुशासन और एकजुटता से ही संभव है।
अंत में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पत्रकार एकजुट होकर पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखेंगे और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए पत्रकार हितों की रक्षा के लिए सदैव संगठित रहेंगे।”

बैठक का समापन संगठन की मजबूती, एकता और पत्रकार हितों के संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।

88 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *